रंगों में उतरा सेवा का संकल्प, विद्यार्थियों ने चित्रों से दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर से विविध गतिविधिया आयोजित की जा रही है इसी कड़ी में अभियान अंतर्गत विकासखंड रामानुजनगर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विद्यार्थियों के रंगों और कल्पनाओं में जीवंत दिखाई दी।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के नेतृत्व में सेजेस रामानुजनगर, हायर सेकेंडरी स्कूल पतरापाली, कन्या माध्यमिक शाला रामानुजनगर, माध्यमिक शाला पतरापाली, माध्यमिक शाला सोनपुर तथा माध्यमिक शाला कैलाशपुर सहित विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली में स्काउट मास्टर योगेश साहू के मार्गदर्शन में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों से सेवा भावना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहयोग और नागरिक दायित्व जैसे विषयों को मनमोहक ढंग से प्रस्तुत किया। किसी चित्र में स्वच्छ और सुंदर परिवेश का संदेश दिखाई दिया तो किसी में प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प उभरकर सामने आया।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपने चित्रों को आकर्षक स्वरूप दिया और सेवा संकल्प अभियान के संदेश को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

