Wednesday, September 16, 2026
Latest:
FEATUREDNational

लोकसभा सचिवालय ने तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी किया

लोकसभा सचिवालय ने तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को दल-बदल रोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने की तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी की याचिका पर नोटिस जारी किया है। उनसे सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। तृणमूल के ये 20 सांसद नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया-एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं।
ये कदम सर्वोच्‍च न्यायालय द्वारा अभिषेक बनर्जी की उस याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत होने के बाद हुआ है जिसमें अयोग्यता याचिकाओं पर जल्द फैसला लेने का अनुरोध किया गया था।
यह विवाद तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल में उस समय पैदा हुआ, जब उसके 20 लोकसभा सदस्यों ने घोषणा की कि वे त्रिपुरा के राजनीतिक संगठन एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं या उसका हिस्सा बन गए हैं। इनमें काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय, शताब्दी रॉय, प्रसून बनर्जी शामिल हैं।बागी सांसदों ने लोकसभा में अपने लिए अलग समूह के रूप में मान्यता देने की मांग भी की थी।