Wednesday, September 16, 2026
Latest:
Mumbai

महाराष्ट्र: ज़िला अस्पताल में आग लगने की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने जताया दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमरावती के जिला महिला अस्पताल में कल रात आग लगने की घटना में तीन नवजात शिशुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक नवजात शिशुओं के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग को घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर आज दोपहर अमरावती का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। आग लगने के समय अस्पताल के इस यूनिट में करीब 39 नवजात शिशुओं का इलाज चल रहा था। इनमें समय से पहले जन्मे और गंभीर रूप से बीमार बच्चे भी शामिल थे। राहत की बात है कि 36 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया।