Entertainment

ऋषभ शेट्टी की ‘जय हनुमान’ से जुड़ीं वामिका गब्बी

अभिनेत्री वामिका गब्बी अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘डीसी: द ब्लडी वैलेंटाइन’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनके खाते में एक बड़ी फिल्म जुड़ गई है। वामिका अब अभिनेता ऋषभ शेट्टी की आगामी पौराणिक फिल्म ‘जय हनुमान’ में नजर आएंगी। प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में उनके किरदार को फिलहाल गुप्त रखा गया है। बताया जा रहा है कि वह कहानी में एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली भूमिका निभाएंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, वामिका इस पौराणिक गाथा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं और जल्द ही हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी। ‘जय हनुमान’ वर्ष 2024 में रिलीज हुई तेजा सज्जा की फिल्म ‘हनु-मान’ का सीक्वल है। फिल्म में पौराणिक कथाओं के साथ एक्शन और भक्ति का मिश्रण देखने को मिलेगा। वामिका पहली बार इस तरह की बड़े पैमाने की पौराणिक परियोजना में नजर आएंगी।

मैत्री मूवी मेकर्स के निर्माण और टी-सीरीज की प्रस्तुति में बन रही ‘जय हनुमान’ प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में ऋषभ शेट्टी भगवान हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। कहानी कलियुग की पृष्ठभूमि में रची गई एक हाई-ऑक्टेन एक्शन गाथा होगी, जिसमें हनुमान की भक्ति, निष्ठा और शाश्वत शक्ति को केंद्र में रखा जाएगा। फिल्म की शूटिंग मार्च 2026 में शुरू हो चुकी है, जबकि इसकी रिलीज तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है।