बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित
पलामू, 11 अगस्त । पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबनवा गांव के समीप मंगलवार को कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बरकाकाना की ओर से कोयला लेकर सोननगर जा रही थी। गढ़वा रोड स्टेशन पार करने के बाद सिगसिगी स्टेशन की ओर बढ़ते समय ग्रासिम इंडस्ट्री के समीप सबनवा गांव में रिवर्सिबल लाइन पर मालगाड़ी के 11 डिब्बे बेपटरी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई तथा राहत एवं बहाली का काम शुरू कर दिया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त कर रेल परिचालन जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अप और डाउन मुख्य रेल लाइनों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, डाउन लाइन से कुछ दूरी पर मालगाड़ी के कुछ डिब्बे झुके हुए हैं। दूसरे ट्रेनों से टकराने की आशंका को देखते हुए फिलहाल परिचालन को लेकर निर्णय नहीं लिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। मालगाड़ी के बेपटरी होने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। हादसे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने के साथ रेलवे को नुकसान होने की भी बात सामने आई है।

