पापलप्रीत सिंह के साथ संबंध रखने वाले दंपति को पुलिस ने हिरासत में लिया
जम्मू, 25 मार्च । वारिस पंजाब दे के प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के संरक्षक पापलप्रीत सिंह के साथ संबंध रखने वाले एक दंपति को शनिवार को जम्मू के बाहरी इलाके आरएस पुरा से हिरासत में लिया गया है।
डीएसपी (हेडक्वार्टर) डॉ सुन्निया अशकूर वानी ने कहा कि अमरीक सिंह और उनकी पत्नी सरबजीत कौर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आरएस पुरा तहसील के कुल्लियां इलाके से हिरासत में लेकर पंजाब पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति को पापलप्रीत सिंह के साथ संबंध रखने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पापलप्रीत सिंह अमृतपाल सिंह के गुरु हैं, जिन्होंने बाद में उसे पुलिस के जाल से बचने में मदद की थी। बताया गया है कि पापलप्रीत सिंह लगातार पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई के संपर्क में थे।
मीरां साहब के एसएचओ जहीर मुश्ताक ने बताया कि अमरीक सिंह और सरबजीत कौर को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की गई, जो वास्तव में आरएस पुरा के निवासी हैं। यह कार्रवाई कल रात को शुरू हुई थी। बाद में पता चला कि यह पति पत्नी की जोड़ी कुल्लियां में किराए के मकान में रह रहे हैं। शनिवार को हमने विशेष सूचना पर दंपति को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया।

