FEATUREDNational

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की असाधारण प्रतिभा का लाभ उठाकर देश को वैश्विक स्तर पर कंटेंट निर्माण के केंद्र के रूप में मजबूत स्थिति में लाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत में कहानी कहने की समृद्ध परंपरा और रचनात्मक प्रतिभाओं का असाधारण भंडार है, जिसका उपयोग देश को वैश्विक स्तर पर कंटेंट निर्माण के केंद्र के रूप में मजबूत करने के लिए किया जा सकता है। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। 
इस बीच, नेटफ्लिक्स इंडिया ने कहा है कि दोनों नेताओं ने भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक स्तर पर ले जाने के अपने साझा दृष्टिकोण पर चर्चा की। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव की शुरुआत की भी घोषणा की, जो भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के साथ कौशल और शिक्षा साझेदारी के माध्यम से भारत की अगली पीढ़ी की रचनात्मक प्रतिभाओं को पोषित करने के उद्देश्य से किया गया एक निवेश है।