नेपाल के सिरहा में दी गई कर्फ्यू में ढील
काठमांडू, 02 अगस्त । नेपाल के सिरहा जिला प्रशासन ने गोलबाजार क्षेत्र में लागू कर्फ्यू आदेश में आज शाम तक के लिए ढील देने का निर्णय लिया है। हालांकि जिले में इस दौरान निषेधाज्ञा जारी रखा गया है।
मुख्य जिला अधिकारी सुरेन्द्र पौडेल के अनुसार, सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद आज सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक कर्फ्यू में राहत दी गई है। स्थानीय परिस्थितियों का मूल्यांकन करने के बाद कर्फ्यू को और अधिक समय के लिए ढील देने या फिर से सख्ती से लागू करने संबंधी आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
साथ ही गोलबाजार क्षेत्र में वाहनों के संचालन को भी सुगम बनाया जाएगा। हालांकि, कर्फ्यू में ढील की अवधि के दौरान भी लोगों से पांच से अधिक व्यक्तियों के समूह में एकत्र नहीं होने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि सुनसरी की घटना के बाद उत्पन्न तनाव के कारण पिछले कुछ दिनों से गोलबाजार क्षेत्र में कर्फ्यू लागू किया गया था। प्रशासन का कहना है कि हालिया सुरक्षा स्थिति में सुधार को देखते हुए फिलहाल दिन के समय कर्फ्यू में राहत दी गई है।

