विनिर्माण और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए सरकार ने सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 को मंजूरी दी: MeitY
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि सरकार ने देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण को मजबूत करने और आत्मनिर्भर सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बनाने के लिए 1 लाख 27 हजार 500 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) 2.0 को मंजूरी दे दी है। आज नई दिल्ली में सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर आयोजित सीआईआई सम्मेलन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह वर्ष भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए एक मील का पत्थर है, क्योंकि तीन सेमीकंडक्टर इकाइयां पहले ही वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर चुकी हैं। सचिव ने कहा कि आईएसएम 2.0 सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन इकाइयों, उन्नत पैकेजिंग, एटीएमपी और ओएसएटी सुविधाओं को समर्थन देना जारी रखेगा। आईएसएम 2.0 की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए श्री कृष्णन ने कहा कि यह योजना भारत की सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए विनिर्माण के साथ-साथ उपकरण, सामग्री, विशेष गैसों और रसायनों को बढ़ावा देकर एक व्यापक इकोसिस्टम दृष्टिकोण अपनाती है।
सचिव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासों और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता होगी, और इस क्षेत्र में परिवर्तनकारी बदलाव आने में समय लगेगा। उन्होंने उद्योग को समर्थन देने के लिए सरकार की नीतिगत प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि वर्तमान पहलें वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में भारत की स्थिति को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

