जापान की आबादी 12 करोड़ से नीचे, 1968 के बाद सबसे बड़ी गिरावट
जापान की आबादी लगातार घट रही है। जापान के गृह मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, देश में जापानी नागरिकों की आबादी पहली बार 12 करोड़ से नीचे आ गई है। एक जनवरी तक जापानी नागरिकों की संख्या करीब 11 करोड़ 97 लाख दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 लाख 17 हजार कम है। यह 1968 के बाद सबसे बड़ी वार्षिक गिरावट है।
वहीं, जापान में रहने वाले विदेशी नागरिकों की संख्या बढ़कर 40 लाख से अधिक हो गई है, जो अब तक का सबसे अधिक स्तर है।
सरकार के प्रयासों के बावजूद देश में घटती जन्म दर के कारण जनसंख्या में लगातार कमी आ रही है। जापान के सैंतालीस प्रांतों में केवल टोक्यो में स्थानीय आबादी बढ़ी है। विदेशी नागरिकों को शामिल करने पर जापान की कुल आबादी करीब 12 करोड़ 37 लाख है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5 लाख 63 हजार कम है।

