कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: राजा मुथुपांडी ने 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग में जीता रजत पदक, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने दी बधाई
भारत के युवा वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। इस उपलब्धि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, मनसुख मांडविया और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें बधाई दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर राजा मुथुपांडी को बधाई। यह शानदार प्रदर्शन उनके अनुशासन, दृढ़ता और अटूट समर्पण का नतीजा है। पूरा देश उनकी इस उपलब्धि का जश्न मना रहा है और उनके भविष्य के प्रयासों में उन्हें और सफलता की शुभकामनाएं देता है।”
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “भारतीय खेलों के लिए एक और गर्व का पल! ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर राजा मुथुपांडी को बहुत-बहुत बधाई। आपकी यह शानदार उपलब्धि हमारे एथलीटों की ताकत, दृढ़ संकल्प और हिम्मत को दिखाती है। देश को आप पर बहुत गर्व है।”
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा “भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए गर्व का पल! पुरुषों की 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतने पर राजा मुथुपांडी को बहुत-बहुत बधाई।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “राजा मुथुपंडी को पुरुषों की 65 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी यह उपलब्धि आपके अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम का प्रतिफल है।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी भारत की लगातार नई ऊंचाइयों को छूने की बात करते हुए खिलाड़ी को बधाई दी।
राजा मुथुपांडी का यह रजत पदक भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पूरा खेल प्रेमी समुदाय उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है।

