FEATUREDSports

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी में जुटे भारतीय मुक्केबाज, ग्रैंड प्रिक्स में लेंगे हिस्सा

15 जून ।  भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने 17 से 21 जून तक चेक गणराज्य में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित उस्ती नाद लाबेम ग्रां प्री के लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और मौजूदा एशियाई चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी।

यह टूर्नामेंट ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 की तैयारियों के लिहाज से भारतीय मुक्केबाजों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम में देश के कई शीर्ष मुक्केबाज शामिल हैं, जो राष्ट्रमंडल खेलों के अधिकांश भार वर्गों में भारत की मजबूत दावेदारी पेश करते हैं।

यूरोप के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित मुक्केबाजी टूर्नामेंटों में शामिल उस्ती नाद लाबेम ग्रां प्री पिछले पांच दशकों से अधिक समय से आयोजित किया जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता विश्व मुक्केबाजी (वर्ल्ड बॉक्सिंग) नियमों के तहत यूरोपियन बॉक्सिंग गोल्ड टूर्नामेंट के रूप में आयोजित होगी। इसमें पुरुष और महिला वर्ग में 10-10 भार वर्गों में मुकाबले होंगे।

बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि उस्ती नाद लाबेम ग्रां प्री दुनिया के सबसे सम्मानित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी टूर्नामेंटों में से एक है और यह भारतीय खिलाड़ियों को मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा, “टीम में हमारे कई शीर्ष मुक्केबाज शामिल हैं। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अनुभव हासिल करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और विभिन्न प्रतिस्पर्धी परिस्थितियों में खुद को परखने का अवसर देते हैं। हम खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं।”

महिला टीम में 75 किलोग्राम वर्ग में ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और 54 किलोग्राम वर्ग में एशियाई चैंपियन प्रीति पवार प्रमुख नाम हैं। इनके अलावा साक्षी (51 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा) और परवीन (65 किग्रा) भी टीम का हिस्सा हैं।

विश्व नंबर एक जैस्मिन लाम्बोरिया और अरुंधति चौधरी चोट से उबर रही हैं, इसलिए वे इस दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगी।

पुरुष टीम में जादुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), आदित्य प्रताप (65 किग्रा), सुमित (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा) और नरेन्द्र (+90 किग्रा) शामिल हैं।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ का मानना है कि यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अनुभव प्रदान करेगा और आने वाले बड़े टूर्नामेंटों की तैयारियों को मजबूत करेगा।

भारतीय टीम:

महिला: साक्षी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), परवीन (65 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)

पुरुष: जादुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), आदित्य प्रताप (65 किग्रा), सुमित (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेन्द्र (+90 किग्रा)