Health/Food

पनीर पराठा बेलते ही फट जाता है? ये ट्रिक अपनाएंगे तो बाहर नहीं आएगी स्टफिंग

ब्रेकफास्ट में पनीर पराठा खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है और यह कई घरों में अक्सर बनाया भी जाता है. हालांकि, इसे बनाते समय एक आम समस्या सामने आती है. जैसे ही लोग पनीर से भरे पराठे को बेलना शुरू करते हैं, उसकी स्टफिंग बाहर निकलने लगती है. इससे पराठा फट जाता है, तवे पर चिपकने लगता है और उसका टेस्ट और लुक दोनों खराब हो जाते हैं. अगर आपके साथ भी हर बार यही परेशानी होती है, तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि अगर पनीर पराठा बेलते ही फट जाता है तो कौन सी ट्रिक अपनाने से स्टफिंग बाहर नहीं आएगी.

पनीर पराठा फटने की सबसे बड़ी वजह पनीर में मौजूद पानी होता है. बाजार से मिलने वाला ताजा पनीर अक्सर काफी नम होता है. जब उसे सीधे कद्दूकस करके भर दिया जाता है, तो बेलते समय उसकी नमी बाहर आने लगती है और स्टफिंग फैल जाती है. ऐसे में पनीर को कद्दूकस करने से पहले उसे साफ सूती कपड़े में लपेटकर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें. इससे उसका पानी निकल जाएगा. अगर फ्रिज में रखा पनीर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले उसे कमरे के तापमान पर आने दें और फिर अच्छी तरह सुखाकर ही स्टफिंग तैयार करें. सूखी स्टफिंग पराठे के अंदर आसानी से लॉक रहती है.

पनीर पराठा फटने बचाने के लिए नमक डालने की सही टाइमिंग अपनाएं. यह एक ऐसी गलती है जो ज्यादातर लोग करते हैं. कई लोग स्टफिंग बनाते समय ही उसमें नमक मिला देते हैं और फिर कुछ देर बाद पराठा बनाते हैं. नमक पनीर के संपर्क में आते ही उसमें मौजूद नमी को बाहर खींचने लगता है, जिससे स्टफिंग गीली हो जाती है. इसलिए पनीर में हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च, गरम मसाला और बाकी सूखे मसाले पहले से मिलाकर रख सकते हैं, लेकिन नमक हमेशा उसी समय डालें जब आप पराठा भरने वाले हों. इससे स्टफिंग सूखी रहेगी और बेलते समय बाहर नहीं निकलेगी.

पराठा बनाने में आटा सबसे जरूरी होता है. अगर आटा बहुत सख्त होगा और स्टफिंग मुलायम होगी, तो बेलते समय दबाव पड़ने पर पराठा फट सकता है. ऐसे में पराठे का आटा हमेशा थोड़ा नरम गूंधें और उसे कम से कम 10 मिनट ढककर रख दें. इससे आटा सेट हो जाता है और बेलने में आसानी होती है. पराठा बेलते समय बीच में ज्यादा जोर न लगाएं. किनारों से हल्के हाथों से बेलते हुए आगे बढ़े, ताकि स्टफिंग चारों तरफ बराबर फैल सके.
बहुत ज्यादा स्टफिंग भरने से भी पराठा फट सकता है. कई बार लोग टेस्ट के चक्कर में जरूरत से ज्यादा पनीर भर देते हैं. इसलिए लोई के आकार के हिसाब से ही स्टफिंग भरें. किनारों को अच्छी तरह बंद करें और अतिरिक्त आटा हटा दें. इससे स्टफिंग बाहर आने की संभावना कम हो जाती है.
अगर तवा बहुत ज्यादा गर्म होगा, तो पराठा जल्दी जल सकता है और अगर बहुत ठंडा होगा, तो वह कुरकुरा नहीं बनेगा. ऐसे में तवे को पहले मीडियम आंच पर गर्म करें. पराठे को दोनों तरफ से हल्का सेकने के बाद घी या मक्खन लगाएं और सुनहरा होने तक पकाएं. इससे पराठा बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम बनेगा.
अगर आप चाहते हैं कि घर का पनीर पराठा भी ढाबे जैसा टेस्टी और कुरकुरा बने, तो उसे मीडियम फ्लेम पर सेकें. घी या मक्खन का इस्तेमाल करें और पराठे को बार-बार पलटने से बचें. इससे उसका टेस्ट कई गुना बढ़ जाता है.