FEATUREDNational

प्रधानमंत्री पांच जून को गुजरात और दमन के दौरे पर, 21,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नई दिल्ली, 04 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल (5 जून) गुजरात और दमन का दौरा करेंगे। इस दौरान वो गुजरात के सूरत में लगभग 18,800 करोड़ रुपये और दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने आज बताया कि वो कल दोपहर करीब 2:30 बजे सूरत जिले के हजीरा पहुंचकर वहां चल रही औद्योगिक गतिविधियों और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह सड़क, ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।

सूरत में प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई आठ लेन नियंत्रित प्रवेश (एक्सेस कंट्रोल्ड) एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण हिस्सों को चार लेन बनाने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इससे आदिवासी क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच आसान बनेगी।

इस दौरान प्रधानमंत्री सूरत में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। अस्पताल में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के साथ केंद्रीय प्रयोगशाला तथा 24 घंटे आपात और ट्रॉमा देखभाल की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा वह अंतरराज्यीय विद्युत पारेषण प्रणाली के तहत गुजरात की ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार परियोजना का उद्घाटन करेंगे। वलसाड में विद्युत वितरण प्रणाली उन्नयन, दहेज पेट्रोलियम-रसायन एवं पेट्रो-रसायन निवेश क्षेत्र तथा सरीगाम औद्योगिक विकास निगम में अपशिष्ट निस्तारण एवं शोधन अवसंरचना और जंबूसर बल्क ड्रग पार्क की उपयोगिता परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद वह दमन जाकर शाम करीब 6:15 बजे हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और नमो अस्पताल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद वह लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

दमन में लगभग 1,340 करोड़ रुपये की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी, जिनमें नामो हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भवन और नामो अस्पताल प्रमुख हैं। नया टर्मिनल क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करेगा, जबकि अस्पताल प्रतिदिन लगभग 1,500 बाह्य रोगियों को सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा।

प्रधानमंत्री लगभग 1,630 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें प्रतिष्ठित पुल (आइकॉनिक ब्रिज), दमन कन्वेंशन सेंटर और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) परिसर प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से पर्यटन, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वो लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण बंदरगाह परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें कल्पेनी और कदमत द्वीप के पूर्वी तथा पश्चिमी तटों पर बंदरगाह सुविधाओं का विकास शामिल है। इन बहुउद्देशीय जेटियों के निर्माण से 300 मीटर तक लंबे क्रूज और यात्री जहाजों का वर्षभर संचालन संभव हो सकेगा। परियोजनाओं में यात्री एवं माल प्रबंधन, मत्स्य प्रसंस्करण, ईंधन वितरण, बर्फ आपूर्ति और नौका मरम्मत जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।