पश्चिम बंगाल में जुलाई से आयुष्मान भारत योजना शुरू की जाएगी; स्वास्थ्य साथी योजना के लाभार्थियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना पश्चिम बंगाल में इस साल जुलाई से शुरू होगी। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ वर्चुअल बैठक के बाद कोलकाता में इसकी घोषणा की।
राज्य की स्वास्थ्य योजना ‘स्वास्थ्य साथी’ के मौजूदा लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा।
आयुष्मान भारत आरोग्य मंदिर से संबंधित समझौता ज्ञापन पर जून में नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए जाएंगे। श्री अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या मौजूदा 117 से बढ़ाकर 469 करने के संबंध में केंद्र को एक प्रस्ताव भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों और उत्तरी बंगाल के लिए एक नए एम्स के प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैं।

