Science

Apple यूजर्स के लिए बड़ा साइबर अलर्ट, तुरंत अपडेट करें iPhone और Mac

भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Apple डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए नया सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक iPhone, iPad, Mac और Apple के दूसरे प्रोडक्ट्स में कई गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जिनका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं।

CERT-In यानी भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने कहा है कि अगर यूजर्स समय पर अपने डिवाइस अपडेट नहीं करते हैं तो उनकी निजी जानकारी और डिवाइस की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

किन डिवाइसेज पर है खतरा?

एजेंसी के अनुसार यह खतरा Apple के कई प्लेटफॉर्म्स और पुराने सॉफ्टवेयर वर्जन में मौजूद है। इसमें iOS, iPadOS, macOS, tvOS, visionOS और Safari ब्राउजर शामिल हैं। खासतौर पर पुराने सॉफ्टवेयर चला रहे iPhone, iPad और Mac यूजर्स को ज्यादा जोखिम बताया गया है।

CERT-In ने कई CVE यानी Common Vulnerabilities and Exposures को भी सूचीबद्ध किया है। ये कमजोरियां डेटा लीक, सिक्योरिटी सिस्टम बायपास और अनधिकृत एक्सेस जैसी समस्याओं से जुड़ी हैं। अगर किसी यूजर ने लंबे समय से अपना Apple डिवाइस अपडेट नहीं किया है तो साइबर हमलावर उसके डिवाइस तक आसानी से पहुंच बना सकते हैं।

क्या हो सकता है नुकसान?

CERT-In के मुताबिक इन सुरक्षा खामियों का इस्तेमाल करके हैकर्स डिवाइस पर ज्यादा कंट्रोल हासिल कर सकते हैं। इससे संवेदनशील जानकारी चोरी होने, सिक्योरिटी सिस्टम को दरकिनार करने और डिवाइस की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है।

कुछ मामलों में डिवाइस क्रैश होने या ठीक से काम बंद करने जैसी समस्या भी सामने आ सकती है। हालांकि एजेंसी ने फिलहाल भारत में किसी बड़े साइबर हमले की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ऐसे अलर्ट संभावित खतरे को रोकने के लिए पहले से जारी किए जाते हैं।

खुद को सुरक्षित कैसे रखें?

CERT-In ने सभी Apple यूजर्स को तुरंत अपने डिवाइस का लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है। Apple द्वारा जारी किए गए नए अपडेट्स में इन सुरक्षा खामियों को ठीक करने वाले पैच शामिल हैं।

iPhone और iPad यूजर्स Settings > General > Software Update में जाकर नए अपडेट चेक कर सकते हैं। वहीं Mac यूजर्स System Settings के General सेक्शन से अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं।

इसके अलावा Safari ब्राउजर और बाकी Apple ऐप्स को भी समय-समय पर अपडेट रखना जरूरी बताया गया है, क्योंकि पुराने वर्जन साइबर हमलों का आसान निशाना बन सकते हैं।

अपडेट में देरी करना पड़ सकता है भारी

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही कोई सिक्योरिटी अपडेट जारी हो, उसे जल्द से जल्द इंस्टॉल कर लेना चाहिए। खासकर तब, जब मामला रिमोट एक्सेस या सिस्टम कंट्रोल जैसी गंभीर कमजोरियों से जुड़ा हो।

Apple सालभर में कई सिक्योरिटी अपडेट जारी करता है, लेकिन जो यूजर्स लंबे समय तक पुराने वर्जन इस्तेमाल करते रहते हैं, उनके डिवाइस हैकिंग और डेटा चोरी के ज्यादा खतरे में आ सकते हैं।