National

रायपुर में पेट्रोल की किल्लत, कई इलाकों में बंद हुए पंप

रायपुर, 14 मई । रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल संकट गहराता नजर आ रहा है। बुधवार को राजधानी में एचपी और इंडियन ऑयल के करीब एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर समय पर सप्लाई नहीं पहुंचने से हालात बिगड़ गए। वहीं पेट्रोल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते कुछ पंप संचालकों ने बिक्री भी रोक दी।

शाम होते-होते शहर के कई पेट्रोल पंप बंद हो गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चालू पंपों पर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेंद्र नगर और जयस्तंभ चौक समेत कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई जगहों पर पेट्रोल पंप बंद होने की सूचना से लोग परेशान दिखे। इस बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि कुछ पंप संचालकों ने मनमाने ढंग से सप्लाई रोक दी है और मामले की जांच की मांग कलेक्टर से की है।

वहीं पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन का कहना है कि सप्लाई प्रभावित होने की एक वजह भुगतान में देरी भी हो सकती है।