National

कलेक्टर बीएस उइके ने बिहान रसोई का किया शुभारंभ

गरियाबंद । कलेक्टर बीएस उइके ने लखपति दीदी पहल अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत शासकीय आईटीआई मजरकट्टा परिसर में स्थापित बिहान रसोई का कल शाम फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि बिहान रसोई ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी पहल से जुड़ी महिला स्वसहायता समूहों को इस रसोई के माध्यम से नियमित आय का अवसर मिलेगा, साथ ही इनके द्वारा तैयार किए जाने वाले पौष्टिक एवं स्वच्छ नाश्ता, भोजन सहित छत्तीसगढ़ी व्यंजन से जिलेवासियों को इसका लाभ मिलेगा। कलेक्टर ने महिलाओं द्वारा तैयार व्यंजनों की सराहना करते हुए समूहों को गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान बिहान दीदीयों द्वारा बनाएं गए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को चखा।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बिहान रसोई में 04 दुकानें संचालित की जा रही है। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी रसोई संचालन की जानकारी ली और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जनपद सीईओ केएस नागेश, डीपीएम रमेश वर्मा पतंजल मिश्रा सहित बिहान समूह संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।