‘जन नायकन’ अब 8 मई को थिएटर्स में देगी दस्तक! रिलीज का रास्ता हुआ साफ
आखिरकार थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ को रिलीज डेट मिल गई है। महीनों से सेंसर बोर्ड के साथ विवाद में अटकी इस फिल्म की रिलीज का रास्ता अब साफ हो गया है। बताया जा रहा है कि ‘जन नायकन’ अब थिएटर्स में 8 मई को रिलीज होगी, और मेकर्स जल्द ही इसका आधिकारिक तौर पर ऐलान करेंगे। हालांकि, अभी कुछ हफ्ते पहले ऐसी खबरें आई थीं कि ‘जन नायकन’ को 22 जून को थलपति विजय के बर्थडे पर रिलीज किया जा सकता है। यह एक्टर की आखिरी फिल्म है, और अब वह पूरी तरह से एक्टिंग करियर को अलविदा कहकर राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे।
‘जन नायकन‘ की रिलीज 8 मई को, झेलीं दिक्कतें
‘पिंकविला’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स जल्द ही ऐलान करेंगे कि ‘जन नायकन’ 8 मई को दुनियाभर में थिएटर्स में रिलीज होगी। फैंस इस खबर से एक्साइटेड हो गए हैं। केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी वजह से यह पहले रिलीज नहीं हो सकी। पहले ‘जन नायकन’ 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन 100 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग के बावजूद रिलीज रोक दी गई थी।
‘जन नायकन’ पर क्या था विवाद? क्यों अटकी थी रिलीज
हालांकि, अब लग रहा है कि सारी दिक्कतें खत्म हो चुकी हैं। ‘जन नायकन’ की रिलीज का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। पहले फिल्म सेंसर बोर्ड के साथ विवाद में अटकी थी। इसे सबसे पहले एग्जामिनिंग कमेटी के पास भेजा गया था। उन्होंने ‘जन नायकन’ में कुछ सीन्स पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद फिल्म को रिवाइजिंग कमिटी के पास भेज दिया गया था। इसी वजह से ‘जन नायकन’ की रिलीज बार-बार टलती रही। इसके बाद रिवाइजिंग कमिटी 9 मार्च 2026 को फिल्म देखने वाली थी, जिसके बाद सर्टिफिकेट देने पर फैसला किया जाता, लेकिन इसकी तारीख बढ़ाकर 17 मार्च कर दी गई।
‘जन नायकन’ की कमाई पर पड़ेगा असर? ऑनलाइन हुई थी लीक
बेशक, अब ‘जन नायकन‘ की रिलीज का रास्ता साफ हो चुका है और डेट भी सामने आ चुकी है, पर कमाई की राह इतनी आसान नहीं होगी। सेंसर विवाद के बाद ‘जन नायकन‘ हाल ही ऑनलाइन लीक हो गई थी। इससे इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ सकता है। फिर भी, विजय की स्टार पावर बहुत बड़ी है। फैंस उन्हें देखने के लिए सिनेमाघरों में जरूर आएंगे। यह उनकी आखिरी फिल्म भी बताई जा रही है। यही बात इसे और भी खास बनाती है। इसी वजह से ओपनिंग कलेक्शन जबरदस्त होने की उम्मीद है।
‘जन नायकन’ की कास्ट और विजय का रोल
‘जन नायकन’ को एच विनोद ने डायरेक्ट किया है। बताया जा रहा है कि इसमें विजय एक पूर्व पुलिस अफसर के रोल में हैं। फिल्म में बॉबी देओल, प्रकाश राज, पूजा बेगड़े, गौतम वासुदेव मेनन और ममिता बैजू भी हैं। बॉबी देओल इसमें विलेन के रोल में नजर आएंगे।

