न्यूजीलैंड क्रिकेट को मिला नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पूर्व तेज गेंदबाज ज्योफ अलॉट संभालेंगे जिम्मेदारी
वेलिंगटन, 28 अप्रैल ।न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज ज्योफ अलॉट को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पिछले वर्ष स्कॉट वीनिंक के इस्तीफे के बाद की गई है।
54 वर्षीय अलॉट ने 1996 से 2000 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 10 टेस्ट और 31 एकदिवसीय मैच खेले। उनका सबसे यादगार प्रदर्शन 1999 के एकदिवसीय विश्व कप में रहा, जहां उन्होंने 9 मैचों में 20 विकेट लेकर प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यह उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज शेन वॉर्न के साथ हासिल की, हालांकि अलॉट ने एक मैच कम खेला था।
खेल करियर समाप्त होने के बाद अलॉट ने क्रिकेट प्रशासन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह 2002 में न्यूजीलैंड क्रिकेट खिलाड़ी संघ के संस्थापक सदस्य रहे। इसके बाद 2008 से 2010 तक उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट में क्रिकेट महाप्रबंधक के रूप में कार्य किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कैंटरबरी क्रिकेट के बोर्ड में तीन वर्षों तक सेवा दी और 2013 से 2021 तक न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड में निदेशक के रूप में आठ वर्षों का कार्यकाल पूरा किया। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2022 में उन्हें आजीवन सदस्यता से सम्मानित किया गया।
चुनौतीपूर्ण दौर में मिली जिम्मेदारी
अलॉट को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में सौंपी गई है जब न्यूजीलैंड क्रिकेट आंतरिक मतभेदों के दौर से गुजर रहा है। पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्कॉट वीनिंक ने “खेल की दीर्घकालिक दिशा” को लेकर प्रांतीय संघों और खिलाड़ी संघ के साथ मतभेदों के कारण पद छोड़ा था। विवाद का प्रमुख कारण वर्ष 2027 तक सुपर स्मैश प्रतियोगिता की जगह निजी स्वामित्व वाली ‘एनजेड20’ लीग शुरू करने का प्रस्ताव था।
अलॉट ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के हवाले से कहा कि वह संगठन के सभी पक्षों—बोर्ड, खिलाड़ियों, कर्मचारियों, सदस्य संघों और व्यावसायिक साझेदारों—के साथ मिलकर काम करने और मजबूत संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका लक्ष्य न्यूजीलैंड क्रिकेट को हर स्तर पर प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और सफल बनाना है।
वहीं, न्यूजीलैंड क्रिकेट की अध्यक्ष डायना पुकटापू-लिंडन ने अलॉट को इस पद के लिए सर्वाधिक योग्य बताते हुए कहा कि उनका खेल अनुभव, संस्थागत समझ और व्यावसायिक नेतृत्व संगठन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ज्योफ अलॉट एक जुलाई से अपने नए पद का कार्यभार संभालेंगे।

