मुंबई में लाइव शो पर नजर रखने के लिए बनेगी पुलिस की स्पेशल टीम
मुंबई, 20 अप्रैल। मुंबई में होने वाले लाइव शो पर नजर रखने के पुलिस की स्पेशल टीम बनाई जाएगी। यह स्पेशल टीम लाइव शो के दौरान मौके पर ड्रग की सप्लाई और अन्य गतिविधियों पर नजर रखेगी।
मुंबई पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने पुलिस यूनिट्स से कहा है कि वे उन जगहों पर स्पेशल दस्ते तैनात करें, जहां भीड़ जमा होती है, ताकि ड्रग्स के इस्तेमाल, छेड़छाड़ और चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। परमजीत सिंह दहिया ने बताया कि हर दस्ते में दो टीमें होंगी, जिसमें हर टीम में एक अफ़सर और चार कांस्टेबल होंगे। छेड़छाड़-रोधी दस्ते में एक महिला अफ़सर भी शामिल होगी। ये सभी कर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे, ताकि वे चुपके से गतिविधियों पर नजऱ रख सकें और तुरंत कार्रवाई कर सकें। तैनाती भीड़ के आकार के आधार पर की जाएगी। जिन कार्यक्रमों में लगभग 2,000 लोग होंगे, वहां दो दस्ते तैनात किए जायेंगे। 4,000 लोगों के लिए यह संख्या बढक़र चार हो जाएगी और 6,000 या उससे ज़्यादा लोगों की भीड़ के लिए छह दस्ते तैनात किए जायेंगे।
पुलिस की टीमें कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाएंगी। साथ ही अधिकारियोंं को निर्देश दिया गया है कि वे भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों, बैंड और डीजे के कार्यक्रमों सहित सभी कार्यक्रमों में इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करें। आयोजकों को पुलिस की तैनाती के लिए तय शुल्क का भुगतान पहले से करना होगा। अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी सरकारी दरों के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।

