उत्तराखंड के क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।
उत्तराखंड में, चार धाम तीर्थस्थलों सहित ऊंचे इलाकों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में कल से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
कल से मौसम में आए बदलाव के चलते राज्य भर में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनात्री में हुई बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। चमोली जिले के हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ और रूपकुंड समेत ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी जिले के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी जारी है। जिला मुख्यालय समेत निचले इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में और गिरावट आई है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ पहाड़ी जिलों के 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

