National

सूरजपुर में शिशु संरक्षण माह की शुरुआत, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान

सूरजपुर, 17 मार्च । बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण से मुक्ति के लक्ष्य को लेकर जिला चिकित्सालय सूरजपुर में आज मंगलवार काे शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ यह अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शिशुओं को आवश्यक पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर सुरक्षित बचपन की नींव मजबूत करना है।

उद्घाटन अवसर पर अधिकारियों ने माताओं को संबोधित करते हुए शिशु के शुरुआती वर्षों में संतुलित आहार, स्तनपान और समय पर टीकाकरण के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीवन के पहले पांच वर्ष बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, ऐसे में लापरवाही भविष्य पर गंभीर असर डाल सकती है।

अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को रतौंधी सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इसके साथ ही एनीमिया से बचाव के लिए आयरन और फोलिक एसिड (आईएफए) सप्लीमेंट का वितरण किया जाएगा। जिन बच्चों का नियमित टीकाकरण छूट गया है, उनकी पहचान कर उन्हें अभियान के दौरान टीके लगाए जाएंगे।

स्वास्थ्य टीम द्वारा बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर कुपोषण की स्थिति का आकलन भी किया जाएगा। गंभीर कुपोषित (एसएएम) बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाएगा, ताकि उनका समुचित उपचार और देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही माताओं को स्तनपान, पूरक आहार और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूक करने के लिए विशेष परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी और उप-स्वास्थ्य केंद्रों में अभियान के दौरान सेवाएं निरंतर उपलब्ध रहेंगी। विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण और पोषण सेवाओं से वंचित न रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी केंद्र लेकर जाएं और इस अभियान का लाभ उठाकर उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करें।