बलरामपुर में आआप की ‘किसान न्याय सभा’, धान खरीद -खाद संकट पर गरजी पार्टी; आंदोलन की चेतावनी
बलरामपुर, 17 मार्च । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आम आदमी पार्टी (आआप) ने किसानों की समस्याओं को लेकर आज मंगलवार काे ‘किसान न्याय सभा’ आयोजित कर सरकार पर तीखा हमला बोला। सभा में किसानों ने धान खरीद , खाद की कमी और ऑनलाइन व्यवस्था की खामियों को लेकर अपनी परेशानी खुलकर रखी, जिस पर पार्टी ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बदौली में आम आदमी पार्टी ने किसानों की समस्याओं को लेकर ‘किसान न्याय सभा’ का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष जफर खान ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
सभा के दौरान किसानों ने रकबा समर्पण, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में गड़बड़ी, धान ट में देरी, फसल नुकसान और यूरिया खाद की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि मौजूदा व्यवस्था के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है और समय पर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष जफर खान ने राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें ही सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं से पूरी तरह अवगत होने के बावजूद समाधान करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
जफर खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर बलरामपुर जिले में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को प्रशासन और सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

