Mumbai

वीवीसीएमसी प्रभाग 18 की जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हो: नगरसेविका हेमलता सिंह

मुंबई, 20 फरवरी,। वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के अंतर्गत प्रभाग क्रमांक 18 में नागरिकों को रोजमर्रा के जीवन में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर प्रभाग 18 की नगरसेविका हेमलता सिंह ने महापौर अजीव पाटील को एक विस्तृत निवेदन पत्र सौंपते हुए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।नगरसेविका हेमलता सिंह ने बताया कि प्रभाग 18 में फेरीवालों के पावती शुल्क में अचानक अत्यधिक बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

इसके साथ ही कई स्थानों पर अवैध नल कनेक्शन होने के कारण पानी की चोरी बढ़ रही है तथा नागरिकों को जल संकट और कम प्रेशर की समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रभाग में बंद पड़े स्ट्रीट लाइट पोल, स्टाफ की कमी के कारण लंबित मरम्मत कार्य, गटर का पानी सड़कों पर बहना, टूटे हुए चेंबर, नाले एवं गटर ब्लॉकेज जैसी समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छोटी चालों में बड़ी कचरा गाड़ी न पहुंच पाने के कारण कचरा जमा होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

नगरसेविका हेमलता सिंह ने प्रभाग में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था लागू करने, अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थ एवं प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, बस स्टॉप, बाजार परिसर एवं मुख्य मार्गों पर नागरिकों विशेषकर ज्येष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुविधा हेतु पब्लिक बेंच लगाने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं पर समय रहते कार्यवाही नहीं की गई, तो क्षेत्र में दुर्घटनाओं, बीमारियों और जनआक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की कि सभी विभागों को निर्देश देकर तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।