National

सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस ने की जिलेभर के होटल-ढाबों की सघन जांच

धमतरी, 19 फ़रवरी । धमतरी पुलिस ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार की देर देर शाम जिलेभर में एक साथ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबा एवं लॉजों की सघन जांच की गई।

धमतरी पुलिस से आज गुरुवार काे प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाल के दिनों में संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही और चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने होटल व लॉज संचालकों के आगंतुक पंजी (रजिस्टर) का बारीकी से निरीक्षण किया तथा ठहरे हुए व्यक्तियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। जांच के दौरान होटल एवं ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने अथवा सेवन कराए जाने की भी विशेष रूप से जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैधानिक अनुमति शराब परोसना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें, प्रत्येक आगंतुक का वैध पहचान पत्र दर्ज करें, सीसीटीवी कैमरे चालू रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की आशंका की सूचना तत्काल संबंधित थाना को दें। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन जांच एवं निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।