विवेक भीमनवार ने एमपीएससी के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली
मुंबई, 18 फरवरी । वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक भीमनवार को बुधवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में महाराष्ट्र पब्लिक सर्विस कमीशन (एमपीएससी) के अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे।
लोकभवन के प्रवक्ता ने बताया कि विवेक लक्ष्मण भीमनवार महाराष्ट्र कैडर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 24 फरवरी 1966 को हुआ था। उनके पास एलएलबी और एमएससी की डिग्री है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में परिवहन आयुक्त के रूप में कार्य किया है। महाराष्ट्र सरकार ने विवेक लक्ष्मण भीमनवार की नियुक्ति एमपीएससी के अध्यक्ष पद पर की थी। इसी नियुक्ति के मद्देनजर बुधवार को लोकभवन में आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है।
इस अवसर पर पब्लिक सर्विस कमीशन के तत्कालीन चेयरमैन रजनीश शेठ, सचिव महेंद्र उत्तमराव हरपालकर, सदस्य डॉ. अभय वाघ, डॉ. दिलीप पाटिल-भुजबल, राजीव निवतकर, डॉ. सतीश देशपांडे, लॉ एंड जस्टिस डिपार्टमेंट के प्रमुख सचिव दिलीप घुमरे और अन्य अधिकारी थे।

