राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों का स्वदेशी विकास आवश्यक है: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक स्वायत्तता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों के स्वदेशी विकास को अनिवार्य बताया। श्री सिंह ने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए एयरो इंजन प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता हासिल करने के महत्व पर बल दिया। मंत्री ने आज बेंगलुरु में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के गैस टरबाइन अनुसंधान प्रतिष्ठान में वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ वार्ता के दौरान यह बात कही। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों ने स्वदेशी संचार प्रणालियों, निगरानी उपकरणों और हथियारों के उपयोग से रक्षा क्षमताओं में बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन किया है। अपने दौरे के दौरान, श्री सिंह ने स्वदेशी सैन्य गैस टरबाइन इंजन विकास से संबंधित चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

