महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपना कार्यभार संभाला
मुंबई, 10 फरवरी। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को मंत्रालय में जाकर मंत्री पद का कार्य भार ग्रहण किया है। सुनेत्रा पवार ने पद भार स्वीकार करने के बाद कहा कि अजित पवार के किए जा रहे कामों को वे आगे ले जाएंगी। इस मौके पर राकांपा एपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे मौजूद थे।
सुनेत्रा पवार आज सबसे पहले प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में गईं और वहां भगवान गणेश का दर्शन किया। इसके बाद दादर में चैत्यभूमि में जाकर भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबासाहब आंबेडकर को नमन किया। इसके बाद सुनेत्रा पवार मंत्रालय पहुंचीं और भूतल पर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा फुले और सावित्री फुले को नमन किया। इसके बाद मंत्रालय के छठवें मंजिल पर स्थित उप मुख्यमंत्री कार्यालय में गईं और उपमुख्यमंत्री का पद भार ग्रहण किया। आज पद संभालने के बाद सुनेत्रा पवार पहली कैबिनेट मीटिंग में शामिल होंगी, जहां वह अपने विभाग के पहले फैसले ले सकती हैं। सुनेत्रा आज शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगी, जहां उनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मिलने की संभावना है
उल्लेखनीय है कि पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की २८ जनवरी को विमान हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद लोकभवन में आयोजित सादे समारोह में सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी ।

