लखमा निर्दोष हैं तो भाजपा को माफी मांगनी चाहिए : दीपक बैज
रायपुर, 04 फ़रवरी । पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को बलि का बकरा बनाए जाने वाले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार काे पलटवार करते हुए कहा कि अगर कवासी लखमा बलि का बकरा हैं, तो दोषी कौन है। उन्हाेंने कहा कि इसका मतलब भाजपा कह रही है कि लखमा निर्दोष हैं, मतलब भाजपा ने निर्दोषों को जेल भेजा। अगर लखमा निर्दोष हैं तो भाजपा को माफी मांगनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में कवासी लखमा को जमानत मिलने पर कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं, यह बात एक बार फिर साबित हुई, न्यायालय का धन्यवाद। लखमा की रिहाई से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। जानबूझकर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश की गई। कार्यकर्ता लखमा का जोरदार स्वागत करेंगे। उनके बाहर आने से पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
वहीं धान खरीद की तारीख दो दिन बढ़ाने पर दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों का धान नहीं खरीद रही है। कांग्रेस ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी। सरकार ने 162 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का दावा किया था, लेकिन लगभग 25 लाख मीट्रिक टन की खरीद नहीं हुई है। कई किसान अब भी धान नहीं बेच पाए हैं। हमारी मांग पर सरकार झुकी और तारीख बढ़ाई, लेकिन फैसला पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि दो दिन में दो लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीद संभव नहीं है, ऐसे में धान खरीद की समय सीमा कम से कम 15 दिन बढ़ाई जाए।

