प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण बनी केवलराम और उनके परिवार के लिए आशा की किरण
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत कच्चे मकानों और असुरक्षित परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे नागरिकों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम अमलीडीह निवासी केवलराम कंवर के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से पक्का आवास स्वीकृत होना खुशियों भरा था। ग्राम अमलीडीह निवासी केवलराम ने बताया कि जब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनके नाम से आवास स्वीकृत हुआ, तो इस खबर से पूरे परिवार के लिए वर्षों पुरानी चिंता आशा में बदल गई। केवल राम ने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री आवास योजना ने मुझे घर देकर मेरा और परिवार का जीवन बदल दिया। उन्होंने कहा कि पक्का मकान मिलने से न केवल उनका जीवन सुरक्षित हुआ है, बल्कि समाज में उनका मान-सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वे अपने दोनों पुत्रों का विवाह नया घर प्रवेश करने के बाद किया है। नये घर में अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी रह रहे हैं।
केवलराम कंवर ने बताया कि अपने परिवार के साथ कच्चे जर्जर आवास में निवास करता था। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए पक्का मकान बनाने का सोचते रहते थे, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे। केवलराम ने कहा कि कच्चे मकान में बारिश, ठंड और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में सांप, बिच्छू जैसे जीव-जंतुओं और पानी टपकता था और ठंड के मौसम में पूरी रात आग के सहारे परिवार को रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि दो पुत्र होने से उनके भविष्य को लेकर सोच में रहता था कि उनकी शादी के बाद परिवार बड़ा होगा, तो कच्चे मकान में गुजर-बसर कैसे होगा। ऐसा सोच-सोच कर ही उनका जीवन व्यतीत हो रहा था।

