Mumbai

छत्तीसगढ़ के माना एयरपाेर्ट पर काेकीन के साथ नाइजीरियन युवक गिरफ्तार

रायपुर, 28 जनवरी । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने आज बुधवार काे नाइजीरियन युवक को 270 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा है। जब्त कोकीन की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

माना थाने से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट के जरिए रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट के अंदर ही डीआरआई की टीम ने संदेह के आधार पर रोका और तलाशी ली। इस दौरान युवक के पास से करीब 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई।

कोकीन बरामद होने के बाद डीआरआई की टीम ने आरोपित को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे डीआरआई कार्यालय ले जाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, आरोपित से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोकीन कहां से लाई गई थी। इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही आरोपित के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।