राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बस्तर पंडुम में शामिल होने जगदलपुर आएंगी सात फरवरी को
जगदलपुर, 28 जनवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 7 फरवरी को बस्तर पंडुम संभागस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जगदलपुर आएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव विकास शील ने राष्ट्रपति मुर्मू के बस्तर प्रवास के मद्देनजर राज्य मंत्रालय (महानदी भवन) में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से वहां की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के प्रवास अवसर पर सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन सहित तमाम जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

