विरार के मंगलमूर्ति मंदिर में स्कूली छात्रों ने किया ‘सहस्र गणेश आवर्तन, भक्तिमय हुआ माहौल
मुंबई, 23 जनवरी, । लोकनेता हितेंद्र ठाकुर की प्रेरणा से और माघी गणेशोत्सव के शुभ अवसर पर विरार (पश्चिम) स्थित प्रसिद्ध मंगलमूर्ति मंदिर में एक विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्कर्ष स्कूल के अंग्रेजी माध्यम की कक्षा 6 के 100 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘सहस्र गणेश आवर्तन’ (गणेश मंत्रों का पाठ) में भाग लिया। अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद, इन नन्हें छात्रों ने जिस स्पष्टता और श्रद्धा के साथ संस्कृत के श्लोकों और गणेश आवर्तनों का पाठ किया, उसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
छात्रों की भक्ति से पूरा मंदिर परिसर चैतन्य और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।कार्यक्रम की शुरुआत मंगलमूर्ति मंदिर के ट्रस्टी किरण ठाकुर और संजय सामंत द्वारा भगवान गणेश के पूजन के साथ हुई। इस दौरान महाजन गुरुजी के सान्निध्य में छात्रों ने मंत्रोच्चार पूर्ण किया। इस आयोजन को नगरसेवक अजीव पाटील के मार्गदर्शन और उत्कर्ष स्कूल के प्रधानाध्यापक संतोष तिवारी के विशेष सहयोग से सफल बनाया गया। इस अवसर पर मुग्धा लेले, मिलिंद पोंक्षे, सुरेखा कुरकुरे और स्कूल की अन्य शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का समापन भगवान गणेश की आरती और आशीर्वाद के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी सहभागी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया। आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के इस प्रयास की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

