FEATUREDNational

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत के 2047 विज़न में भारतीय रेलवे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

10 जनवरी । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारतीय रेलवे वैश्विक मानक स्थापित करने और 2047 तक भारत के एक विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए अच्छी स्थिति में है। श्री वैष्णव कल नई दिल्ली में 100 रेल अधिकारियों को 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 प्रदान करने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रेलवे ज़ोन को 26 शील्ड प्रदान करने के बाद बोल रहे थे

श्री वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे ने 2026 के लिए छह नए संकल्प निर्धारित किए हैं। इनमें 52 सप्ताहों में प्रणालीगत सुधार करना, विश्वसनीयता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करना, रखरखाव मानकों को उन्नत करना, सुरक्षा को मजबूत करना और औपनिवेशिक मानसिकता से दूर जाना शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि एक नया नवाचार पोर्टल भारतीय रेलवे को स्टार्टअप्स और नवोन्मेषकों से जोड़ेगा और रखरखाव कार्यों में एआई का व्यापक रूप से उपयोग किया जाएगा।

मंत्री ने कोयले के परिवहन और बिजली संयंत्रों को ईंधन की आपूर्ति सहित परिचालन में हुए सुधारों की ओर भी इशारा किया और कहा कि रेल दुर्घटनाओं की संख्या पिछले वर्षों के लगभग 170 के औसत से घटकर 12 हो गई है।

अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार भारतीय रेलवे के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है, जो सेवा में समर्पण, नवाचार और उत्कृष्टता को मान्यता देता है।

आकाशवाणी न्यूज से विशेष बातचीत में, पुरस्कार विजेता जम्मू डिवीजन के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक, उचित सिंघल ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ के बाद से जम्मू और कश्मीर में पर्यटन को बहुत लाभ हुआ है और उन्होंने यह पुरस्कार अपनी टीम को समर्पित किया।

एक अन्य पुरस्कार विजेता, सीनियर असिस्टेंट लोको पायलट सुष्मिता ने कहा कि इस तरह की पहचान कर्मचारियों को प्रेरित करती है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में मदद करती है।