National

बलरामपुर : कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने जिलेवासियों को दी नववर्ष की शुभकामनाएं

बलरामपुर, 1 जनवरी । नववर्ष 2026 के आगमन पर जिले के कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बलरामपुर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे नव ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सामूहिक उत्तरदायित्व का वर्ष बताया। उन्होंने कहा कि, नया वर्ष केवल कैलेंडर का परिवर्तन नहीं, बल्कि नए संकल्पों और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर है।

कलेक्टर कटारा ने अपने संदेश में कहा कि, जिले की प्रगति तभी संभव है, जब नागरिक, प्रशासन और समाज मिलकर सुरक्षा, अनुशासन और सहयोग की भावना से कार्य करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि, नववर्ष का उत्सव मर्यादा, संयम और कानून के दायरे में मनाएं तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि, वे शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे नववर्ष में नई प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कलेक्टर कटारा ने कहा कि, एकजुटता, सामाजिक सौहार्द और जनभागीदारी ही बलरामपुर को एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध जिला बनाने की कुंजी है। अंत में उन्होंने सभी जिलेवासियों के स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल नववर्ष 2026 की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।