एलवीएम3-एम6 की सफलता पर देश ने मनाया जश्न, उपराष्ट्रपति और मंत्रियों ने इसरो को दी बधाई
एलवीएम3-एम6 के सफल प्रक्षेपण पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की इस बड़ी उपलब्धि की सराहना की है।
यह ऐतिहासिक मिशन अंतरिक्ष तकनीक में भारत की नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है
उपराष्ट्रपति के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट कर यूएस स्पेसक्राफ्ट ‘ब्लू बर्ड ब्लॉक-2’ को ले जाने वाले एलवीएम3-एम6 के सफल लॉन्च की प्रशंसा की गई। राधाकृष्णन ने लिखा, “यह ऐतिहासिक मिशन, जिसने भारतीय धरती से लॉन्च किए गए अब तक के सबसे भारी सैटेलाइट को लो अर्थ ऑर्बिट में स्थापित किया है, अंतरिक्ष तकनीक में भारत की नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। यह हमारी हेवी-लिफ्ट क्षमता को सशक्त करता है और वैश्विक वाणिज्यिक लॉन्च बाजार में भारत की बढ़ती भूमिका को और मजबूत करता है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह एक गर्व का कदम है, जिसके साथ भारत अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।”
जे.पी. नड्डा ने बताया, भारतीय धरती से अब तक का सबसे भारी सैटेलाइट लॉन्च करना भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाता है
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यह भारत के लिए गर्व का क्षण है कि इसरो ने एलवीएम3-एम6 मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च कर अमेरिका के ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 स्पेसक्राफ्ट को उसकी निर्धारित कक्षा में स्थापित किया। भारतीय धरती से अब तक का सबसे भारी सैटेलाइट लॉन्च करना हेवी-लिफ्ट लॉन्च क्षमता में भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्पष्ट विजन और निरंतर समर्थन का परिणाम है। इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को हार्दिक बधाई।”
अमित शाह ने इसरो टीम को बधाई देते हुए कहा, “अमेरिकी स्पेसक्राफ्ट ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 का सफल प्रक्षेपण भारत के वैज्ञानिकों की क्षमता को दर्शाता है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसरो टीम को बधाई देते हुए कहा, “अमेरिकी स्पेसक्राफ्ट ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 का सफल प्रक्षेपण भारत के वैज्ञानिकों की क्षमता को दर्शाता है, जिन्होंने भारत की अंतरिक्ष शक्ति को वाणिज्यिक सफलता में बदला है। यह प्रधानमंत्री मोदी के भारत को वैश्विक अंतरिक्ष तकनीक केंद्र बनाने के विजन को साकार करता है।”
विदेश मंत्री ने इस उपलब्धि को आत्मनिर्भर भारत की सफलता का प्रतीक बताया
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस उपलब्धि को आत्मनिर्भर भारत की सफलता का प्रतीक बताते हुए लिखा, “एलवीएम3-एम6 ‘बाहुबली’ के सफल लॉन्च पर इसरो टीम को बधाई, जिसने 6 टन से अधिक वज़न वाले ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 कम्युनिकेशन सैटेलाइट को लो अर्थ ऑर्बिट में स्थापित किया। यह भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।”
नितिन गडकरी ने बताया यह भारत के स्पेस इकोसिस्टम के लिए गौरवपूर्ण क्षण
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसे भारत के स्पेस इकोसिस्टम के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह मिशन भारत की हेवी-लिफ्ट लॉन्च क्षमताओं और वैश्विक वाणिज्यिक लॉन्च बाजार में विश्वसनीयता को और मजबूत करता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नीति समर्थन, रणनीतिक दृष्टिकोण और निरंतर निवेश के माध्यम से अंतरिक्ष क्षेत्र को सशक्त बनाया गया है, जिसका परिणाम यह सफलता है।
पीयूष गोयल ने इसे बताया भारत की अंतरिक्ष में लंबी छलांग
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इसे भारत की अंतरिक्ष में लंबी छलांग बताते हुए कहा कि यह इसरो की सिद्ध हेवी-लिफ्ट क्षमता और बेदाग मिशन रिकॉर्ड को दर्शाता है।
किरेन रिजिजू ने लिखा कि एलवीएम3-एम6 मिशन की सफलता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को प्रतिबिंबित करती है
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा कि एलवीएम3-एम6 मिशन की सफलता भारत की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को प्रतिबिंबित करती है।

