Health/Food

चावल और नारियल से बनाएं खास मिठाई, आसान नारियल खीर रेसिपी

जब भी कोई त्योहार, खास मौका या घर में खुशी का दिन होता है, तो मिठाई बनना तय माना जाता है। ऐसे मौकों पर खीर पहली पसंद बन जाती है। आमतौर पर चावल और दूध से बनी खीर तो सभी ने कई बार खाई होगी, लेकिन अगर आप इस बार कुछ अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो नारियल की खीर जरूर ट्राय करें।

नारियल की खीर स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, उतनी ही सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। नारियल में मौजूद नेचुरल फैट और फाइबर इसे और ज्यादा हेल्दी बनाते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय या मेहनत नहीं लगती। थोड़े से चावल, दूध और नारियल से ही कुछ ही मिनटों में यह टेस्टी मिठाई तैयार हो जाती है। बिना ज्यादा तैयारी के आप इसे कभी भी आसानी से बना सकते हैं।

नारियल की झटपट खीर बनाने की विधि

स्टेप 1:
सबसे पहले एक गहरे तले वाले पैन में 1 बड़ा चम्मच घी गरम करें। इसमें भिगोए हुए चावल डालें और मीडियम आंच पर 2–3 मिनट तक हल्का सा भून लें, ताकि चावल की खुशबू और स्वाद बढ़ जाए।

स्टेप 2:
अब इसमें 2 कप दूध डालें और मीडियम आंच पर पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि चावल पैन के तले में न चिपकें। चावल तब तक पकाएं जब तक वे पूरी तरह नरम हो जाएं और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए।

स्टेप 3:
जब खीर गाढ़ी होने लगे, तब आंच धीमी कर दें और उसमें नारियल का दूध मिलाएं। ध्यान रखें कि नारियल का दूध डालने के बाद खीर को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना दूध फट सकता है। बस 2–3 मिनट हल्के हाथ से चलाना पर्याप्त है।

स्टेप 4:
अब इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें। मीडियम आंच पर पकाएं, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और खीर का स्वाद निखर जाए।

स्टेप 5:
गैस बंद करें और खीर को सर्विंग बाउल में निकाल लें। ऊपर से कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाएं। इसे गरमागरम या ठंडा, दोनों तरह से परोसा जा सकता है।