Science

TRAI का नया फरमान! अब सिर्फ इस नंबर से आएंगी Insurance कंपनियों की कॉल

उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल्स और फोन फ्रॉड से बचाने के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। नए नियम के तहत अब बीमा कंपनियां (Insurance Companies) अपने ग्राहकों को सिर्फ 1600 सीरीज के नंबरों से ही सर्विस और ट्रांजैक्शन कॉल कर सकेंगी।
यह नियम 15 फरवरी 2026 से पूरी तरह लागू हो जाएगा।

किन कंपनियों पर लागू होगा यह नियम?

TRAI का यह निर्देश उन सभी संस्थाओं पर लागू होगा, जो IRDAI (Insurance Regulatory and Development Authority of India) के अंतर्गत आती हैं। TRAI के अनुसार, इस संबंध में 16 दिसंबर 2025 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया था, जिसमें कंपनियों को तय समयसीमा के भीतर 1600 सीरीज के नंबरों पर शिफ्ट होने के निर्देश दिए गए हैं।

TRAI का मानना है कि एक तय और अलग नंबर सीरीज होने से ग्राहक असली और फर्जी कॉल्स के बीच आसानी से फर्क कर पाएंगे।

इस फैसले से क्या होंगे फायदे?

TRAI के मुताबिक, इस कदम से कई बड़े फायदे होंगे, जैसे—

  • फर्जी कॉल्स और फोन फ्रॉड पर लगाम लगेगी

  • अनचाही और भ्रामक कॉल्स में कमी आएगी

  • ग्राहकों का भरोसा मजबूत होगा

  • 1600 सीरीज देखकर यूजर्स तुरंत पहचान सकेंगे कि कॉल किसी मान्यता प्राप्त संस्था से आ रही है

पहले किन सेक्टर्स में लागू हो चुका है यह नियम?

TRAI इससे पहले RBI, SEBI और PFRDA के अंतर्गत आने वाली संस्थाओं के लिए भी इसी तरह का नियम लागू कर चुका है। इन प्रयासों के बाद DoT (Department of Telecommunications) ने BFSI सेक्टर और सरकारी संगठनों के लिए 1600 नंबर सीरीज को आधिकारिक तौर पर तय किया था।

अब तक कितनी कंपनियां जुड़ चुकी हैं?

TRAI के मुताबिक, अब तक करीब 570 संस्थाएं इस नई 1600 नंबर सीरीज को अपना चुकी हैं और 3,000 से ज्यादा 1600 सीरीज के नंबर जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, अभी भी कई कंपनियां पुराने 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रही हैं, जिन्हें तय समय के भीतर बदलना होगा।

उपभोक्ताओं को क्या मिलेगा फायदा?

इस नए नियम के लागू होने से ठगों द्वारा बैंक या बीमा कंपनी बनकर कॉल करने की घटनाओं में बड़ी कमी आने की उम्मीद है। TRAI का कहना है कि 1600 सीरीज को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से अपनाने से कंज्यूमर सेफ्टी मजबूत होगी और पहचान की आड़ में होने वाले वित्तीय फ्रॉड पर बड़ी रोक लगेगी।