Health/Food

सेहत का खजाना लहसुन: दिल, इम्यूनिटी और दर्द से राहत का प्राकृतिक उपाय

सर्दियां शुरू होते ही हमारी खान-पान की आदतों में बदलाव जरूरी हो जाता है। ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने और बीमारियों से लड़ने में घर की रसोई ही दवा खाने जैसा काम करती है। पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण ने हाल ही में लहसुन (Garlic) के औषधीय गुणों के बारे में अहम जानकारी साझा की है। उनका कहना है कि लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि सर्दी के दिनों में यह शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

दिल और जोड़ों के लिए रामबाण

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि लहसुन का सही सेवन दिल की सेहत को बेहतर बनाता है। यह खून में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और हृदय रोगों का खतरा घटता है।
सर्दियों में जोड़ों का दर्द और जकड़न आम समस्या है। लहसुन शरीर में गर्माहट पहुंचाता है और सूजन कम करके इन समस्याओं से राहत दिलाता है।

इम्यूनिटी बूस्टर और प्राकृतिक डिटॉक्स

ठंड के मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिसके कारण सर्दी-जुकाम जल्दी लग जाता है। लहसुन शरीर की गर्मी बनाए रखता है और इम्युनिटी को मजबूत करता है।
आचार्य जी के अनुसार, यह शरीर से विषाक्त पदार्थ (Toxins) निकालने, खून को साफ रखने और ब्लड सर्कुलेशन सुधारने में भी अत्यंत सहायक है।

लहसुन का सही सेवन

लहसुन के गुणों का अधिकतम लाभ पाने के लिए आचार्य बालकृष्ण ने दो प्रभावी तरीके बताए हैं:

1. रात में भिगोकर

  • रात को 1–2 लहसुन की कलियों को छीलकर पानी में भिगो दें।

  • सुबह खाली पेट इस पानी को पी लें या कलियों को चबाकर खाएं।
    यह तरीका कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में बेहद कारगर माना जाता है।

2. गुनगुने पानी के साथ

  • सुबह खाली पेट 1–2 कच्ची लहसुन की कलियां गुनगुने पानी के साथ भी ली जा सकती हैं।
    यह शरीर को गर्म रखता है और इम्युनिटी बढ़ाता है।

दर्द और जकड़न में लहसुन का तेल

जोड़ों के दर्द, सूजन और मांसपेशियों की जकड़न के लिए आचार्य जी ने लहसुन का तेल उपयोग करने की सलाह दी है। इसे तैयार करना बहुत आसान है:

  • 50 ग्राम लहसुन को कूट लें।

  • इसे 100–200 ग्राम सरसों, नारियल या जैतून के तेल में पकाएं।

  • जब लहसुन काला हो जाए, तो तेल को छानकर अलग कर लें।