National

सूरजपुर : निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण पर समीक्षा बैठक

सूरजपुर, 12 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 4 नवम्बर से जिले में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ हो गया है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने और नामों की शुद्धता सुनिश्चित करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जनदर्शन कक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं को गणना पत्रक वितरण कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाए तथा बीएलओ और सुपरवाइजर्स की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण हो सके।

इसके साथ ही कलेक्टर ने राजस्व संबंधी कार्यों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन और सीमांकन के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जियोरिफरेंसिंग नक्शा का स्थल भौतिक सत्यापन, नजूल जांच, गलत प्रविष्टियों का सुधार, लोक सेवा केंद्र में लंबित प्रकरण सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।