FEATUREDNationalPopular

प्रधानमंत्री मोदी उभरते विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में उभरते विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार सम्मेलन (ईएसटीआईसी) 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
श्री मोदी देश में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की अनुसंधान विकास एवं नवाचार (आरडीआई) योजना निधि का भी शुभारंभ करेंगे। इस योजना का उद्देश्य भारत में निजी क्षेत्र द्वारा संचालित अनुसंधान एवं विकास पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है।
तीन दिवसीय ईएसटीआईसी 2025 में शिक्षा जगत, अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और सरकार के 3,000 से अधिक प्रतिभागियों के साथ-साथ नोबेल पुरस्कार विजेता, प्रख्यात वैज्ञानिक, नवप्रवर्तक और नीति निर्माता भी शामिल होंगे।
विचार-विमर्श 11 प्रमुख विषयगत क्षेत्रों पर केंद्रित होगा, जिनमें उन्नत सामग्री और विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जैव-विनिर्माण, नीली अर्थव्यवस्था, डिजिटल संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और अर्धचालक विनिर्माण, उभरती कृषि प्रौद्योगिकियां, ऊर्जा, पर्यावरण और जलवायु, स्वास्थ्य और चिकित्सा प्रौद्योगिकियां, क्वांटम विज्ञान और प्रौद्योगिकी, और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियां शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में अग्रणी वैज्ञानिकों द्वारा वार्ता, पैनल चर्चा, प्रस्तुतियां और प्रौद्योगिकी प्रदर्शन शामिल होंगे, जो भारत के विज्ञान और प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए शोधकर्ताओं, उद्योग और युवा नवप्रवर्तकों के बीच सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करेगा।