Science

गूगल अकाउंट रिकवरी में नया मोड़: टेक्नोलॉजी के साथ अब इंसान भी

गूगल ने अपने यूज़र्स के लिए एक नया और बेहद काम का फीचर लॉन्च किया है, जिसका नाम है रिकवरी कॉन्टैक्ट। यह फीचर उन स्थितियों में मदद करेगा जब आप अपना पासवर्ड भूल जाएं या आपका फोन खो जाए। इसके ज़रिए आप अपने किसी भरोसेमंद दोस्त या परिवार के सदस्य को अपने गूगल अकाउंट के रिकवरी कॉन्टैक्ट के रूप में जोड़ सकते हैं।

अगर कभी आपका अकाउंट लॉक हो जाता है—जैसे पासवर्ड भूलना या अकाउंट हैक हो जाना—तो गूगल उस चुने गए कॉन्टैक्ट को एक यूनिक कोड भेजेगा। उस कोड की मदद से आप अपनी पहचान वेरिफाई कर सकेंगे और फिर से अपने अकाउंट में लॉग-इन कर पाएंगे। यह कोड सिर्फ 15 मिनट के लिए वैलिड रहेगा।

रिकवरी कॉन्टैक्ट को जोड़ने के लिए गूगल अकाउंट की सेटिंग्स में जाकर सिक्योरिटी टैब खोलना होगा। वहां रिकवरी ऑप्शन में जाकर किसी व्यक्ति को इनवाइट भेज सकते हैं। जब वह व्यक्ति इनवाइट एक्सेप्ट कर लेगा, तो वह आपके रिकवरी कॉन्टैक्ट में शामिल हो जाएगा। आप अधिकतम 10 लोगों को इसमें जोड़ सकते हैं। अगर आपने किसी कॉन्टैक्ट की मदद से अपना अकाउंट रिकवर किया है, तो उसे सात दिनों तक दोबारा एड नहीं किया जा सकेगा।

अब तक गूगल केवल रिकवरी ईमेल और फोन नंबर के ज़रिए अकाउंट रिकवर करने का विकल्प देता था, लेकिन इनमें सिम स्वैपिंग और फिशिंग जैसे खतरे बने रहते हैं। नए फीचर में किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जोड़ने का विकल्प मिलने से अकाउंट रिकवरी ज्यादा सुरक्षित हो गई है। आने वाले कुछ हफ्तों में यह फीचर सभी यूज़र्स को उपलब्ध हो जाएगा।