Science

अब ChatGPT से करें चैटिंग, कोलैबरेशन और कनेक्शन—all in one

ChatGPT अब सिर्फ एक एआई असिस्टेंट नहीं रहेगा, बल्कि जल्द ही एक ऐसा फीचर मिलने वाला है जो इसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स की सीधी टक्कर में खड़ा कर देगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI अपने चैटबॉट में डायरेक्ट मैसेजिंग (DM) फीचर जोड़ने पर काम कर रही है, जिससे यूज़र्स आपस में बातचीत कर सकेंगे। कंपनी का उद्देश्य ChatGPT को एक सोशल इंटरैक्शन प्लेटफॉर्म की दिशा में ले जाना है।

इस नए फीचर को फिलहाल “Kelpie Rooms” या “Calpico Rooms” के नाम से जाना जा रहा है और इसे Android के लिए ChatGPT के बीटा वर्जन में देखा गया है। इसी तरह का एक फीचर पहले से OpenAI की iPhone ऐप “Sora” में उपलब्ध है, जहां यूज़र्स वीडियो प्रोजेक्ट्स पर डायरेक्ट मैसेज के जरिए बातचीत कर सकते हैं।

अगर यह फीचर ChatGPT में आता है, तो यह सिर्फ एक एआई चैटबॉट न रहकर क्रिएटर्स, डेवलपर्स और प्रोफेशनल्स के लिए एक कोलैबोरेटिव वर्कस्पेस बन जाएगा, जहां वे आपस में विचार साझा कर सकेंगे और साथ काम कर सकेंगे। इसके साथ ही ग्रुप चैट की सुविधा भी दिए जाने की संभावना है, जिससे एक से अधिक लोग साथ में बातचीत कर पाएंगे।

हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस नए चैट फीचर में होने वाली बातचीत एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होगी या नहीं। WhatsApp, Telegram और Signal जैसे ऐप्स में यह सुरक्षा फीचर मौजूद है, जो यूज़र्स की प्राइवेसी और भरोसे के लिहाज़ से बेहद अहम है।

यह नया बदलाव उस वक्त सामने आया है जब OpenAI लगातार ChatGPT की क्षमताओं को बढ़ा रही है। हाल ही में कंपनी ने ChatGPT ऐप्स SDK लॉन्च किया है, जो डेवलपर्स को कस्टम AI-पावर्ड ऐप्स बनाने की सुविधा देता है। साथ ही, ऑटोनोमस एजेंट्स जैसे टूल्स भी पेश किए गए हैं, जो यूज़र्स की ओर से वेब ब्राउज़िंग, ऑनलाइन फॉर्म भरने और अन्य जटिल कार्य करने में सक्षम हैं।

इस तरह के नए फीचर्स के साथ ChatGPT सिर्फ एक सवाल-जवाब देने वाला टूल नहीं रहेगा, बल्कि एक ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म बन सकता है जो सोशल इंटरैक्शन, कोलैबोरेशन और एआई की ताकत को एक साथ जोड़ता है।