राज्य सरकार संकट की घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ,हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को सोलापुर जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और वहां की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों के मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोलापुर जिले के माढ़ा तहसील के निमगांव और दारफ़ल गांवों का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों गांवों के नागरिकों से बातचीत भी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। सरकार सभी प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करेगी। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में बाढ़ पीडि़तों के लिए आपातकालीन सहायता के रूप में 2,000 करोड़ रुपये की निधि को मंजूरी दी गई है। भविष्य में बाढ़ पीडि़तों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण दारफाल गांव को काफी नुकसान हुआ है और नदी के तल में भारी मात्रा में पानी घुसने के कारण नदी ने अपना रास्ता बदल दिया और गांव का एक बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया, साथ ही ग्रामीणों के घरों में भी पानी घुस गया। इससे घर, अनाज, खेती और पशुओं को नुकसान हुआ है। सरकार खेती, घर, अनाज आदि के लिए सहायता प्रदान करेगी और सडक़, स्कूल, खेत, बिजली व्यवस्था आदि सुविधाओं के लिए भी सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। इसके साथ ही व्यापारियों और जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उन्हें अलग से सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों से संकट की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखने की भी अपील की।
इस अवसर पर पालक मंत्री जयकुमार गोरे, सांसद धैर्यशील मोहिते पाटिल, विधायक रणजीत सिंह मोहिते पाटिल, विधायक अभिजीत पाटिल, विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पूर्व सांसद रणजीत सिंह निंबालकर, पूर्व विधायक राम सातपुते, जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप जंगम, सोलापुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी आदि उपस्थित थे।

