भारत ने रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल प्रक्षेपण किया
भारत ने रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर प्रणाली से मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल प्रक्षेपण किया है। यह अगली पीढ़ी की मिसाइल 2000 किलोमीटर तक की मारक क्षमता के लिए डिज़ाइन की गई है और कई उन्नत सुविधाओं से लैस है। अपनी तरह का यह पहला प्रक्षेपण विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से किया गया, जो बिना किसी पूर्व शर्त के रेल नेटवर्क पर चल सकता है, जिससे उपयोगकर्ता को देश भर में गतिशीलता प्राप्त होती है और कम दृश्यता के साथ कम प्रतिक्रिया समय में प्रक्षेपण करने में मदद मिलती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल के सफल परीक्षण पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), सामरिक बल कमान (एसएफ, सी) और सशस्त्र बलों को बधाई दी है। इस सफल उड़ान परीक्षण ने भारत को उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल कर दिया है जिनके पास मोबाइल रेल नेटवर्क से कैनिस्टराइज्ड प्रक्षेपण प्रणाली विकसित करने की क्षमता है।

