मनोज जारांगे के आंदोलन की अनुमति एक दिन बढ़ाई गई
मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा: मनोज जारांगे
मुंबई। मुंबई के आजाद मैदान पर चल रहे मराठा आरक्षण के लिए मनोज जारांगे के आंदोलन की अवधि को मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एक दिन के लिए बढ़ा दिया है। इस पर मनोज जारांगे ने कहा कि सरकार आंदोलन की अवधि बढ़ाने की बजाय हमारी मांग को स्वीकार करे, वर्ना उनका आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा।
दरअसल, मनोज जारांगे ने शुक्रवार को सुबह दस बजे से मराठा समाज को ओबीसी कोटे से आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरु किया है। इस आंदोलन को मुंबई पुलिस ने सिर्फ एक दिन की सशर्त अनुमति दी थी। शुक्रवार शाम को मुंबई पुलिस ने इस अवधि को उन्हीं शर्तों के साथ एक दिन के लिए बढ़ा दिया है।
इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए मनोज जारांगे ने कहा कि सरकार उनके आंदोलन को गंभीरता से नहीं ले रही है। आजाद मैदान में आंदोलन के लिए आए मराठा समाज के लोगों को मुंबई में असुविधा हो रही है। यहां दुकानें बंद करवा दी गई हैं, जिससे मराठा समाज को लोगों को कुछ खाने के लिए भी नहीं मिल रहा है।
मनोज जारांगे ने कहा कि अगर मराठा समाज को परेशान किया गया, तो ग्रामीण इलाकों में मराठा समाज के लोग इसी तरह की तकलीफ देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी मांगों को तत्काल मान्य कर देना चाहिए, इस तरह एक-एक दिन की अनुमति बढ़ाने से हम पीछे नहीं हटेंगे।
जारांगे ने कहा कि अगर सरकार उन्हें गिरफ्तार करती है, तो हमारी तैयारी जेल में भी आंदोलन करने की है। जारांगे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार उनकी मांग नहीं मानती है, तो गांवों से और भी मराठा मुंबई पहुंचेंगे और इसके लिए सरकार ही जिम्मेदार होगी।

