मुंबई के आजाद मैदान पर मराठा नेता मनोज जरांगे की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरु
जरांगे ने कहा- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
मुंबई, 29 अगस्त। मुंबई के आजाद मैदान में शुक्रवार को सुबह मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मौके पर जरांगे ने कहा कि मराठा समाज को ओबीसी कोटे से जब तक आरक्षण नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन इसी जगह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मैदान पर उन्हें दी गई एक दिन की अनुमति को आंदोलन जारी रहने तक बढ़ाए।
मनोज जरांगे का काफिला शुक्रवार सुबह मुंबई पहुंचा। वह सुबह करीब 10 बजे आजाद मैदान पर पहुंचे। भूख हड़ताल शुरू करने से पहले उन्होंने मराठा प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “पहले सरकार ने हमारा सहयोग नहीं किया, हमारी बात नहीं सुनी, इसीलिए मैं मुंबई आया हूं लेकिन अब सरकार ने सहयोग किया है, अनुमति दी है। आमरण अनशन सुबह 10 बजे से शुरू हो गया है । हंगामा मत करो, मैं यहां मराठा समुदाय को न्याय दिलाने आया हूं। सोचो कि एकता का लाभ उठाकर हमारा समुदाय आगे बढ़ेगा।”
मनोज जरांगे ने कहा कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम मुंबई नहीं छोड़ेंगे। जरांगे ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि वे हमारी सभी मांगें स्वीकार करें। यह मराठों का दिल जीतने का अवसर है। समुदाय के असंतोष की लहर को अपने ऊपर न लें। हम केवल आरक्षण चाहते हैं। अब भले ही आप गोली मार दें, मैं पीछे नहीं हटूंगा, मैं इसी स्थान पर अनशन करूंगा और मरूंगा ।”

