FEATUREDNationalPopular

प्रधानमंत्री मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। इस दौरान, श्री मोदी आज शाम अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। आज शुरू होने वाली परियोजनाएँ शहरी विकास, ऊर्जा, सड़क और रेलवे से संबंधित हैं।

कल अपनी यात्रा के दूसरे दिन, श्री मोदी अहमदाबाद के हंसलपुर में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे और 100 देशों को बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात को हरी झंडी दिखाएंगे। आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे और कनेक्टिविटी के लिए सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रधानमंत्री 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेल परियोजनाएँ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें 65 किलोमीटर लंबी महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, कलोल-कडी-कटोसन रोड और बेचराजी-रानुज रेल लाइनों का आमान परिवर्तन, और उत्तरी गुजरात में सुरक्षित और सुगम कनेक्टिविटी के लिए ब्रॉड-गेज क्षमता का विस्तार शामिल है।

वह कटोसन रोड और साबरमती के बीच एक यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और बेचराजी से एक मालगाड़ी सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा मार्ग के चौड़ीकरण का उद्घाटन करेंगे और अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर छह लेन के अंडरपास और अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर एक रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास करेंगे। इन पहलों से औद्योगिक विकास में तेज़ी आएगी, परिवहन दक्षता में सुधार होगा और क्षेत्र में नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे।