सरकार ने अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला की उपलब्धियों की सराहना की
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ऐतिहासिक मिशन की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। मंत्री महोदय ने यह बात लोकसभा में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री – ‘2047 तक विकसित भारत’ के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर आयोजित विशेष चर्चा के दौरान कही।
पिछले 11 वर्षों में अंतरिक्ष क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए, मंत्री महोदय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष क्षेत्र में कई सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोल दिया गया है जिससे नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि कई स्टार्ट-अप अंतरिक्ष क्षेत्र में काम कर रहे हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र ने भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए अनुसंधान और नवाचार विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और लोगों के जीवन को आसान बना रहे हैं।

